Sun-Temple-Baanner

UPI रायता: ₹20 हजार करोड़ के लिए करोड़ों भारतीयों की जेब से टकराने का फैसला क्यों?


Post Published by


Post Published on


Search Your Query


Explore Content


Reach Us


Drop a Mail

hello@sarjak.org

Donate Us


Help us to enrich more with just a Cup of Coffee

Be a Sarjak


UPI रायता: ₹20 हजार करोड़ के लिए करोड़ों भारतीयों की जेब से टकराने का फैसला क्यों?


भारत में UPI अब कोई बैंकिंग सुविधा भर नहीं है। यह हिंदुस्तान के आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। जिस तरह कभी जेब में नकद रखना सामान्य व्यवहार था, उसी तरह आज मोबाइल में UPI रखना सामान्य बात है। गांव की दुकान से लेकर शहर के मॉल तक, सब्जी वाले से लेकर बड़े कारोबारी तक, खेत से लेकर तहसील तक और चाय की दुकान से लेकर सरकारी भुगतान तक, UPI ने भारतीय जीवन के लेन-देन की भाषा बदल दी है। इसीलिए UPI को लेकर होने वाला कोई भी फैसला अब बैंकिंग विभागों की फाइल तक सीमित नहीं रह सकता। उसका असर सीधे उस आदमी तक जाता है, जो बैंकिंग की तकनीकी शब्दावली नहीं जानता, लेकिन यह जरूर जानता है कि QR कोड स्कैन करके पैसा कैसे भेजना है।

और यहीं से मौजूदा विवाद की असली कहानी शुरू होती है।

देश में यह खबर पहुंचती है कि ₹2,000 से ऊपर के UPI भुगतान पर शुल्क लगेगा और 15 अक्टूबर से व्यवस्था बदल जाएगी। अब सरकार या संबंधित विभाग कितने भी स्पष्टीकरण जारी करें, आम आदमी के कान में सबसे पहले जो बात जाती है, वह है:

“UPI पर अब पैसा लगेगा।”

यही जनधारणा का सबसे बड़ा संकट है। क्योंकि MDR क्या है, मर्चेंट डिस्काउंट रेट क्या है, शुल्क किससे लिया जाएगा और ग्राहक से सीधे लिया जाएगा या नहीं। इन सवालों की जटिलता सामान्य जन के लिए उतनी महत्वपूर्ण नहीं है। उनके लिए बात सीधी है: जो चीज अब तक मुफ्त थी, उसके लिए अब पैसा देना पड़ेगा।

सरकार का स्पष्टीकरण अपनी जगह है, लेकिन जनमानस अपनी गति से चलता है। प्रेस नोट की भाषा और बाजार की भाषा एक नहीं होती। सरकारी विभाग कह सकते हैं कि “ग्राहक से सीधे शुल्क नहीं लिया जाएगा”, लेकिन दुकानदार अगर अपनी लागत बढ़ती हुई देखता है तो वह उसे कीमत में जोड़ सकता है। और ग्राहक बाजार में MDR का हिसाब नहीं करता, वह अपनी जेब का हिसाब करता है। उसके लिए यह जानना पर्याप्त है कि जिस भुगतान को वह अब तक बिना अतिरिक्त लागत के करता था, उसके साथ अब कोई शुल्क जुड़ने की बात हो रही है।

अब सवाल आता है, की – आखिर इसकी जरूरत कितनी थी?

यदि UPI से शुल्क लगाकर बैंकों और संबंधित व्यवस्था को लगभग ₹20,000 करोड़ की अतिरिक्त आय मिलने की बात सामने रखी जा रही है, तो सवाल यह है कि क्या यह रकम इतनी जरूरी थी कि उसके लिए भारत के करोड़ों लोगों के सबसे लोकप्रिय डिजिटल भुगतान माध्यम के बारे में ऐसी धारणा पैदा होने दी जाए कि अब UPI भी शुल्क वाला हो गया है?

भारत के बैंकिंग क्षेत्र ने पिछले वर्ष लगभग ₹4 लाख करोड़ का मुनाफा कमाया। ऐसे में यह सवाल पूछना अनुचित नहीं है कि ₹20,000 करोड़ के लिए UPI को लेकर इतना बड़ा जन-विवाद खड़ा करने की आर्थिक मजबूरी आखिर क्या थी?

बीस हजार करोड़ कोई छोटी रकम नहीं है। लेकिन चार लाख करोड़ के मुनाफे वाले बैंकिंग तंत्र के संदर्भ में यह भी पूछा जा सकता है कि क्या इस अतिरिक्त आय को हासिल करने के दूसरे रास्ते नहीं थे? क्या UPI जैसी व्यवस्था को पूरी तरह निशुल्क बनाए रखने का सार्वजनिक और डिजिटल-अर्थव्यवस्था संबंधी लाभ उस अतिरिक्त राजस्व से कम महत्वपूर्ण था?

और इससे भी बड़ा सवाल है – UPI ने देश को बचाया कितना?

नकदी छापने की लागत, उसे एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने की लागत, सुरक्षा, भंडारण, बैंक शाखाओं तक उसका परिवहन, नकदी की गिनती और हैंडलिंग। इन सबकी अपनी कीमत है। जब करोड़ों लेन-देन डिजिटल हो गए तो इस पूरी नकदी-आधारित व्यवस्था का बोझ भी कहीं न कहीं कम हुआ। जब देश को डिजिटल भुगतान की तरफ ले जाया गया, तब डिजिटल अर्थव्यवस्था के इन्हीं लाभों को उपलब्धि के रूप में सामने रखा गया। तो अब जब भारत का आम आदमी UPI पर आ चुका है, तब उससे जुड़े शुल्क के रूप में नई लागत पैदा करने से पहले यह हिसाब भी होना चाहिए कि डिजिटल भुगतान से अर्थव्यवस्था को पहले से कितनी बचत और सुविधा मिल रही है।

लेकिन इस पूरे मामले में आर्थिक सवाल से भी ज्यादा चौंकाने वाली चीज है – टाइमिंग।

15 अक्टूबर।

जरा भारत के कैलेंडर को देखिए।

नवरात्र चल रहे हैं। उसके बाद दशहरा आएगा। फिर दीपावली। उसके बाद छठ। फिर नया वर्ष। यानी वह पूरा समय जब भारत का बाजार अपनी रफ्तार पकड़ता है। भारत की अर्थव्यवस्था में त्योहार केवल पूजा-पाठ का अवसर नहीं हैं। वे खरीदारी, व्यापार, उत्पादन और छोटे कारोबार के लिए सबसे महत्वपूर्ण समयों में से एक हैं। छोटे दुकानदार को उम्मीद होती है कि त्योहारी बिक्री उसके साल का बड़ा हिस्सा संभालेगी। आम परिवार अपनी क्षमता के अनुसार कपड़े, मिठाई, घर का सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन या दूसरी चीजें खरीदता है। करोड़ों छोटे भुगतान और बड़े भुगतान होते हैं।

और ठीक इसी पर्वकाल में UPI को शुल्क से जोड़ने की खबर जनता के बीच पहुंचे, तो सवाल उठेगा ही कि 15 अक्टूबर ही क्यों?

क्या भारत का त्योहारों का कैलेंडर किसी को दिखाई नहीं देता?

क्या यह पता नहीं था कि अक्टूबर से दिसंबर तक बाजार में डिजिटल भुगतान की गतिविधि बहुत बढ़ेगी?

क्या यह पता नहीं था कि दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान छोटे से छोटा व्यापारी भी UPI का इस्तेमाल करेगा?

अगर यह सब पता था तो फिर ऐसी घोषणा या ऐसी व्यवस्था के लिए यही समय क्यों चुना गया?

और अब इस कैलेंडर में एक और तारीख जोड़ दीजिए, उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव।

यहीं से मामला केवल अर्थव्यवस्था का नहीं रहता।

उत्तर प्रदेश का चुनाव देश की राजनीति में एक बड़ा चुनावी अवसर होता है। ऐसे चुनाव से पहले अगर करोड़ों भारतीयों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा कोई मुद्दा अचानक जनचर्चा का विषय बन जाए, तो राजनीतिक दल उसे अपने-अपने तरीके से जनता तक ले जाएंगे। विपक्ष के लिए इसे समझाना मुश्किल नहीं होगा। उसे MDR समझाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वह बस इतना कहेगा – “जिस UPI पर आप मुफ्त में भुगतान करते थे, अब उसी पर पैसा लगेगा।”

फिर यह बात टीवी बहस में जाएगी, सोशल मीडिया पर जाएगी, सभाओं में जाएगी, बाजार में जाएगी और चुनावी भाषणों में जाएगी।

और यहीं वह खतरा पैदा होता है जिसे केवल आर्थिक विभाग की भाषा में नहीं समझा जा सकता।

किसी सरकार के लिए सबसे कठिन स्थिति वह होती है जब उसका बनाया हुआ स्पष्टीकरण जनता के दिमाग में पहुंचने से पहले किसी दूसरे संदेश ने जगह बना ली हो। सरकार कहती रहे कि ग्राहक से सीधे शुल्क नहीं लिया जाएगा, लेकिन जनता के मन में पहले ही यह बैठ जाए कि “UPI महंगा हो गया है।” सरकार कहती रहे कि यह टैक्स नहीं है, लेकिन राजनीतिक मंचों पर इसे “UPI टैक्स” कहकर प्रचारित किया जाएगा या किया जा रहा हे या किया जा चुका हें। सरकार अपने दस्तावेज पढ़ती रहे और जनता बाजार में अपनी भाषा में उसका अर्थ निकाल ले, तब नरेटिव किसके हाथ में रहेगा?

यही असली संकट है।

स्पष्टीकरण की अपनी गति होती है, अफवाह या राजनीतिक संदेश की अपनी।

एक सरकारी स्पष्टीकरण वेबसाइट पर जारी किया जा सकता है। PIB उसे प्रकाशित कर सकता है। विभाग सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सकते हैं। लेकिन क्या वह स्पष्टीकरण उसी रात गांव की दुकान पर बैठे उस आदमी तक पहुंचेगा, जिसने शाम को बस इतना सुना है कि – अब ₹2,000 से ऊपर UPI करने पर पैसा लगेगा?

यही वह जगह है जहां प्रशासनिक भाषा और जनसंचार की वास्तविकता अलग हो जाती है।

आप किसी भी सामान्य आदमी से पूछिए कि उसने UPI को लेकर क्या सुना। कितने लोग यह कहेंगे कि उन्होंने पूरा सरकारी स्पष्टीकरण पढ़ा है? और कितने लोग कहेंगे कि “हाँ, सुना है अब UPI पर पैसा लगेगा”?

यही अंतर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।

इसलिए प्रश्न यह नहीं है कि सरकार स्पष्टीकरण देगी या नहीं। प्रश्न यह है कि जनता तक पहले क्या पहुंचा – स्पष्टीकरण या संदेश?

और अगर संदेश पहले पहुंच गया तो उसके बाद स्पष्टीकरण कितनी तेजी से और कितनी सरल भाषा में उसे बदल पाएगा?

यहीं से विपक्ष के लिए एक तैयार राजनीतिक मुद्दा पैदा होता है। देशभर में अभियान चल सकते हैं। प्रदर्शन हो सकते हैं। सोशल मीडिया पर अभियान चल सकते हैं। राजनीतिक दल इसे आम आदमी की जेब से जोड़ सकते हैं। और उत्तर प्रदेश जैसे चुनावी राज्य में इसे त्योहारों के दौरान होने वाली खरीदारी और छोटे दुकानदार की लागत के साथ जोड़कर प्रस्तुत किया जा सकता है।

यह कहना अलग बात है कि इससे चुनाव का परिणाम क्या होगा। कोई भी जिम्मेदार विश्लेषण केवल इस एक मुद्दे से चुनावी परिणाम तय नहीं कर सकता। लेकिन यह कहना बिल्कुल अलग बात है कि चुनाव से पहले ऐसा मुद्दा राजनीतिक विमर्श का हिस्सा क्यों बन सकता है।

और इसका जवाब बहुत सीधा है, क्योंकि UPI का इस्तेमाल करने वाला व्यक्ति किसी एक वर्ग का मतदाता नहीं है।

वह किसान भी है, मजदूर भी है, दुकानदार भी है, युवा भी है, नौकरीपेशा भी है, गृहिणी भी है और मध्यमवर्गीय परिवार का सदस्य भी है। UPI का विस्तार किसी एक जाति, धर्म, क्षेत्र या आय वर्ग तक सीमित नहीं है। इसलिए UPI से जुड़ी खबर का राजनीतिक संचार भी व्यापक हो सकता है।

यही कारण है कि UPI को बैंकिंग विशेषज्ञों के बीच की बहस मानना अब भूल होगी।

UPI अब लोकजीवन का विषय है।

और लोकजीवन के विषय में तकनीकी रूप से सही फैसला भी राजनीतिक रूप से गलत समय पर उठाया गया कदम साबित हो सकता है, अगर जनता को उसका अर्थ कुछ और समझ में आए।

इस पूरे मामले में सबसे गंभीर बात यही है कि एक तरफ सरकार डिजिटल भारत को अपनी उपलब्धियों में गिनाती है और दूसरी तरफ उसी डिजिटल व्यवस्था के सबसे सफल और सबसे व्यापक माध्यम के बारे में शुल्क की खबर जनता के बीच पहुंचती है। तब स्वाभाविक रूप से सवाल उठता है कि क्या UPI को पूरी तरह निशुल्क बनाए रखना वास्तव में इतना कठिन था?

यदि ₹20,000 करोड़ की अतिरिक्त आय के लिए यह रास्ता जरूरी था, तो उसकी सार्वजनिक व्याख्या होनी चाहिए। जनता को बताया जाना चाहिए कि यह पैसा क्यों जरूरी है, किस पर लगेगा, कितना लगेगा, छोटे व्यापारी पर क्या असर होगा और डिजिटल भुगतान की लागत का पूरा आर्थिक हिसाब क्या है।

जब देश के किसी एक वर्ग के अपलिफ्टमेंट के लिए सरकार लाखो करोड़ का बजट बना सकती है, या दे सकती हे तो फिर यह २०,००० करोड़ इतने आवश्यक क्यों हो गए? क्या केंद्र यूपी चुनाव को मेनीप्युलेट करना चाहती है? यह संभव नहीं, क्योंकि सरकार वहाँ भी उनकी है। लेकिन अगर यह जवाब हां है, और यह सोची समजी चाल हे, तो यह राजनैतिक आत्महत्या से अधिक कुछ नहीं है। जब सरकार तृष्टिकरण के लिए लाखो करोड़ का बजट मंचो से भाषण देकर हर साल ख़ुशी कुशी दे सकती है, मुफ्त की रेवड़ियाँ बाँटने में हर राज्य और केंद्र सरकार भी लाखो करोडो का बजट बना सकती है, तो सम्पूर्ण देश के लिए और उनके दैनिक जीवन से जुड़े इस फैसले के लिए २०,००० करोड़ देश के लिए बहोत छोटा सा आंकडा है।

क्योंकि भारत का नागरिक अब केवल उपभोक्ता नहीं है। वह डिजिटल अर्थव्यवस्था का सक्रिय हिस्सा है। उसे तकनीकी शब्दों से नहीं, साफ भाषा में समझाया जाना चाहिए।

और राजनीतिक दलों के लिए भी इस पूरे प्रकरण में एक बड़ा सबक है। वक्त नाजुक हो तो रायता नहीं फैलाना चाहिए। और अगर रायता फैल ही गया है तो उसे समेटने का सलीका भी आना चाहिए।

क्योंकि नवरात्र से दीपावली और छठ तक का पर्वकाल भारत के बाजार का सबसे संवेदनशील समय है। उसी दौरान UPI को लेकर कोई ऐसी धारणा बन जाए कि अब भुगतान पर पैसा लगेगा और उसके तुरंत बाद उत्तर प्रदेश का चुनावी मौसम आ जाए, तो यह मान लेना कि केवल कुछ सरकारी स्पष्टीकरण जारी कर देने से मामला खत्म हो जाएगा, शायद जनसंचार की वास्तविकता को कम करके आंकना होगा।

UPI को लेकर विवाद अंततः ₹20,000 करोड़ का भी है, बैंकिंग व्यवस्था का भी है, डिजिटल अर्थव्यवस्था का भी है और सबसे बढ़कर जनधारणा का भी है।

क्योंकि जिस दिन UPI हिंदुस्तान के आम आदमी की आदत बन गया, उसी दिन वह बैंकिंग विभागों की संपत्ति भर नहीं रहा। वह भारत के लोकजीवन की व्यवस्था बन गया।

अब उसके बारे में कोई भी फैसला केवल बैंक की बैलेंस शीट में नहीं पढ़ा जाएगा।

वह दुकानदार की दुकान पर पढ़ा जाएगा।

ग्राहक की जेब में पढ़ा जाएगा।

त्योहार की खरीदारी में पढ़ा जाएगा।

चाय की दुकान की बातचीत में पढ़ा जाएगा।

और चुनावी मंच पर भी पढ़ा जाएगा।

इसीलिए असली सवाल यह नहीं है कि UPI पर शुल्क का आर्थिक मॉडल क्या है।

असली सवाल यह है कि जब देश UPI को अपनी जिंदगी का हिस्सा बना चुका था, तब ₹20,000 करोड़ की अतिरिक्त आय के लिए उसे शुल्क की बहस में लाने की जरूरत क्यों पड़ी और वह भी ऐसे समय में, जब भारत त्योहार मना रहा होगा और उत्तर प्रदेश चुनाव की तरफ बढ़ रहा होगा?

यही वह सवाल है जिसका जवाब किसी MDR की परिभाषा से नहीं मिलेगा। इसका जवाब नीति, अर्थव्यवस्था, जनसंचार और राजनीतिक टाइमिंग, चारों को एक साथ देखकर ही मिलेगा।

आगे के आप सोचिये।

धन्यवाद।

DISCLAIMER


All the rights of Published Content is fully reserved by the respective Owner / Writer. Sarjak.org never taking the ownership of the content, we are just a Platform to publish content to serve the readers. Any Dispute or Query related Content on Platform, Do inform Us at bellow links First. We will Respect, take care of it and Try to Solve it Out as fast as Possible.

Please Do Not Copy the Content, Without Prior Written Permission of there Respective Owner.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copying, distributing, or sharing our content without permission is strictly prohibited. All content on this website is sole property of Respective owners. If you would like to use any of our content, please contact us for permission. Thank you for respecting our work.